श्रीसूक्तम् ऋग्वेद का एक प्राचीन स्तोत्र है, जिसमें सोलह ऋचाएँ हैं। यह साक्षात् देवी माँ का जीवंत ध्वनि-स्वरूप है। इस पवित्र स्तुति का प्रत्येक मंत्र सहस्रों वर्षों के दौरान विभिन्न ऋषियों और देवताओं की गहन तपस्या से प्रकट हुआ।
सनातन धर्म की पाँचों प्रमुख परंपराओं—शैव, वैष्णव, गाणपत्य, सौर और शाक्त—में देवी माँ के आवाहन हेतु इसी श्रीसूक्तम् का बिना किसी परिवर्तन के पाठ किया जाता है।
देवी का ध्वनि-स्वरूप और प्रथम आवाहन
जब क्षीरसागर के मंथन के पश्चात् माँ लक्ष्मी प्रकट हुईं, तब देवताओं और ऋषियों ने अनुभव किया कि वे हर समय प्रत्येक व्यक्ति के साथ भौतिक रूप में उपस्थित नहीं रह सकतीं। संसार की उन्नति के लिए मानवता को एक ऐसे माध्यम की आवश्यकता थी, जिसके द्वारा उनकी कृपा का आवाहन किया जा सके। अपनी असीम करुणा से माँ ने अपने भौतिक स्वरूप के साथ ही अपने दिव्य ध्वनि-स्वरूप को भी प्रकट किया।
माँ लक्ष्मी और भगवान विष्णु जहाँ खड़े थे, वहाँ की कोमल धरती से दो तेजस्वी ऋषि चिक्लीत और कर्दम प्रकट हुए। वे माँ लक्ष्मी और भगवान विष्णु के मानसपुत्र थे, अर्थात् उनके मन से उत्पन्न पुत्र थे।
गहरी और मधुर वाणी में चिक्लीत ऋषि ने श्रीसूक्तम् के प्रथम मंत्र का उच्चारण किया।
“हिरण्यवर्णां हरिणीं सुवर्णरजतस्रजाम्”
इसके माध्यम से उन्होंने जातवेद (पवित्र अग्नि) का आवाहन किया, ताकि वे स्वर्णिम आभा वाली देवी को अपने समीप लाएँ।
श्रीसूक्तम् की प्रथम पंद्रह ऋचाओं में जातवेद से प्रार्थना की गई है कि वे साधक के जीवन में स्वास्थ्य, धन, शांति और मंगल लेकर आएँ। सोलहवीं ऋचा फलश्रुति है, अर्थात् स्तोत्र के पाठ से प्राप्त होने वाले फलों का वर्णन।
इस स्तोत्र में जातवेद नाम का पाँच बार उल्लेख आता है। यह पाँच कर्मेंद्रियों और पाँच ज्ञानेंद्रियों को चेतना की अग्नि में समर्पित करने का प्रतीक है।
श्रीसूक्तम में देवी माँ के 53 मंत्र समाहित हैं, जिनका रहस्य स्वयं माँ ने लक्ष्मी तंत्र में प्रकट किया है। इनमें से प्रत्येक मंत्र साधक की चेतना और भाग्य को रूपांतरित करने का एक अत्यंत शक्तिशाली माध्यम है।
श्रीसूक्तम् का आवाहन — सहस्रों वर्षों की साधना, दो देवता और आठ ऋषि
श्रीसूक्तम् का आवाहन करने के लिए सहस्रों वर्षों तक तपस्या की गई। वैकुंठ में भगवान विष्णु ने अपने मानसपुत्रों, चिक्लीत और कर्दम, को इस पवित्र स्तोत्र का दूसरा मंत्र प्रदान किया। पहले दो मंत्रों और आठ गुप्त मंत्रों के पुरश्चरण (मंत्र-साधना के विशेष अनुष्ठान) को पूरा करने में दोनों भाइयों ने तीन वर्ष बिताए। इस साधना से उन्हें ऐसा दिव्य आनंद प्राप्त हुआ कि उन्होंने अपने पिता भगवान विष्णु से एक ही बार में संपूर्ण श्रीसूक्तम् का आवाहन करने की अनुमति माँगी।
भगवान विष्णु ने प्रेमपूर्वक उन्हें मना कर दिया। श्रीसूक्तम् का प्राकट्य धीरे-धीरे होना था, ताकि वह मानव चेतना के विकास के साथ-साथ आगे बढ़ सके। इसके अतिरिक्त, मंत्र और तंत्र की नींव स्वयं महादेव ने रखी थी। इसलिए भगवान विष्णु ने दोनों भाइयों को निर्देश दिया कि वे हज़ारों मील की यात्रा करके कैलाश पर्वत जाएँ और वहाँ विराजमान महान योगी के पास उसी विनम्रता से पहुँचें, जिस विनम्रता से कोई शिष्य अपने गुरु के पास जाता है।
महादेव ने चिक्लीत और कर्दम को तीसरे और चौथे मंत्र की दीक्षा दी।

“अश्वपूर्वां रथमध्यां हस्तिनादप्रबोधिनीम्”
तीसरे मंत्र के माध्यम से महादेव ने दोनों भाइयों को श्री सूक्तम् के कुंडलिनी से जुड़े रहस्य से परिचित कराया। लक्ष्मी तंत्र के अनुसार, देवी योगी के सूक्ष्म शरीर में निवास करती हैं और ऊपर की ओर बढ़ते हुए करते हुए तीन विशिष्ट प्रकार के नाद (आंतरिक ध्वनियाँ) उत्पन्न करती हैं।
- प्रारंभिक अवस्था: साधक को टप-टप-टप की लयबद्ध ध्वनि सुनाई देती है, जो दौड़ते हुए अश्वों (घोड़ों) की टापों जैसी होती है।
- मध्य अवस्था: यह चरण चुनौतियों से भरा होता है। मन में दबे विचार, इच्छाएँ और संदेह उभरने लगते हैं। इस दौरान ध्वनि ऐसी प्रतीत होती है, मानो कोई रथ कच्चे और ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर गड़-गड़-गड़ करता हुआ आगे बढ़ रहा हो।
- अंतिम अवस्था: जब ऊर्जा सुषुम्ना (शरीर की मध्यवर्ती सूक्ष्म नाड़ी) में प्रवेश करती है, तब हृदय में अनहत नाद गूँजने लगता है। इसकी अनुभूति शंखनाद और हाथियों की चिंघाड़ जैसी होती है।
इसके बाद महादेव ने दोनों भाइयों को पर्वत की तलहटी में स्थित एक गुफा में साधना करने के लिए भेज दिया। अगले छह वर्षों तक उन्होंने वहीं रहकर अपनी साधना जारी रखी। चौथे मंत्र का आवाहन पूरा करने के बाद जब चिक्लीत और कर्दम गुफा से बाहर आए, तब महादेव ने घोषणा की कि शेष बारह मंत्रों का प्राकट्य आने वाले युगों में अन्य ऋषियों और दिव्य विभूतियों के माध्यम से होगा।
- पाँचवाँ मंत्र — असित मुनि द्वारा: ऋषि कश्यप के पौत्र असित मुनि ने अपने वंश को दुर्भाग्य से बचाने के लिए इस मंत्र का आवाहन किया। उनके पुत्र देवल ने गंधर्व हूहू को मगरमच्छ बन जाने का शाप दिया था।
- छठा मंत्र — भगवान ब्रह्मा द्वारा।
- सातवाँ मंत्र — मृकण्ड ऋषि द्वारा: ऋषि मार्कण्डेय के पिता मृकण्ड ऋषि ने उस शाप को दूर करने के लिए इस मंत्र का आवाहन किया, जो माँ लक्ष्मी ने ब्राह्मणों को दिया था। यह शाप उनके पिता, महर्षि भृगु द्वारा भगवान विष्णु के वक्षस्थल पर प्रहार किए जाने के बाद दिया गया था।
- आठवाँ मंत्र — देवर्षि नारद द्वारा: देवर्षि नारद ने किसी निजी स्वार्थ के बिना साधकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की, ताकि उन्हें भूख, प्यास और दीन-दुःख भरी परिस्थितियों से कष्ट न सहना पड़े।
- नौवाँ और तेरहवाँ मंत्र — मेधा मुनि और कुबेर द्वारा।
- ग्यारहवाँ मंत्र — भगवान विष्णु द्वारा: अपने कपिल मुनि अवतार में भगवान विष्णु ने इस मंत्र का आवाहन किया। कपिल मुनि सांख्य योग के प्रवर्तक माने जाते हैं।
- बारहवाँ मंत्र — मुनि मुद्गल द्वारा: पंचाल राज्य के ऋषि मुद्गल ने इस मंत्र का आवाहन किया।
- पंद्रहवाँ और सोलहवाँ मंत्र — भगवान ब्रह्मा द्वारा: जब माँ लक्ष्मी ने शोकाकुल महर्षि वशिष्ठ को बचाने के लिए विपाशा नदी का प्रवाह विभाजित किया, तब भगवान ब्रह्मा ने इन मंत्रों का आवाहन किया।
श्रीविद्या की ओर पहला कदम

महर्षि वेदव्यास द्वारा दसवें और चौदहवें मंत्र के आवाहन का प्रसंग श्रीसूक्तम् के महत्त्व को उजागर करता है। यह बताता है कि श्रीविद्या की साधना में प्रवेश करने से पहले श्रीसूक्तम् किस प्रकार एक आवश्यक आधार तैयार करता है।
उच्च कोटि के ऋषि होने के बावजूद, महर्षि वेदव्यास का हृदय मोह और आसक्ति की पीड़ा से व्याकुल था। उन्हें अपने जीवनमुक्त पुत्र शुकदेव और हस्तिनापुर में रहने वाले अपने पुत्रों की याद आती थी। यह विरह उनके लिए असहनीय हो गया। अंततः उन्होंने अपनी व्यथा देवर्षि नारद के सामने रखी। देवर्षि नारद ने उन्हें अपने पिता और गुरु, महर्षि पराशर से मिलने का सुझाव दिया।
महर्षि पराशर ने अपने पुत्र से कहा कि उनके मन में भावनाओं का उतार-चढ़ाव इसलिए बना हुआ था, क्योंकि अब तक की उनकी तपस्या आगे की साधना की तैयारी मात्र थी।
उन्होंने वस्त्र को रंगने का उदाहरण दिया। किसी कपड़े को रंगने से पहले उसे मसलकर बार-बार धोया जाता है। इस प्रक्रिया से कपड़ा अच्छी तरह साफ़ और मुलायम होता है, तभी वह नए रंग को सोखकर लंबे समय तक बनाए रख पाता है।
इसी प्रकार, महर्षि पराशर ने वेदव्यास से कहा कि उन्हें भी अपनी चेतना को शुद्ध और कोमल बनाने की आवश्यकता है। इसके बाद उन्होंने अपने पुत्र को श्रीसूक्तम के दसवें और फिर चौदहवें मंत्र का उपदेश दिया। इन मंत्रों के आवाहन की साधना पूर्ण होने के पश्चात् ही महर्षि पराशर ने वेदव्यास को श्रीविद्या की संपूर्ण साधना में दीक्षित किया। यह साधना 15 नित्या देवियों से आरंभ होकर श्रीसूक्तम् के साथ पूर्ण होती थी।
श्रीविद्या परंपरा में श्रीसूक्तम्, ललिता सहस्रनाम, पंचदशी मंत्र और श्री यंत्र—ये सभी एक-दूसरे से अभिन्न रूप से जुड़े हैं और मिलकर एक संपूर्ण साधना-पद्धति बनाते हैं। श्री सूक्त के बिना कोई साधक देवी माँ का आवाहन नहीं कर सकता और न ही वे षोडशोपचार (16 प्रकार के पूजन-अर्पण) संपन्न कर सकता है, जो माँ की दिव्य ऊर्जा को अपनी चेतना का अभिन्न अंग बनाने के लिए आवश्यक हैं।
जय माँ लक्ष्मी!
