हे साधक! आपने श्री सूक्तम् को जाग्रत करने मार्ग चुना है। लेकिन क्या आप देवी माँ के दिव्य स्वरूप के बारे में क्या जानते हैं ? क्या आपको पता है कि उन्हें “श्री” क्यों कहा कहते हैं? या यह कि भौतिक संपन्नता तो उन अनगिनत आशीर्वादों में से केवल एक है, जो वे सच्चे साधक को प्रदान करती हैं?
बस 5 मिनट निकालें और देवी श्री के दिव्य स्वरूप एवं महिमा के बारे में जानें।
प्राकट्य — पुराणों में वर्णित एक प्रसंग
बहुत समय पहले, ब्रह्मांड में एक अद्भुत घटना हुई। समुद्र मंथन के समय मंदराचल पर्वत को मथनी और महान सर्प वासुकि को रस्सी बनाकर असुरों और देवताओं ने मिलकर क्षीरसागर का मंथन किया। कभी एक-दूसरे के शत्रु रहे ये दोनों पक्ष कुछ समय के लिए एक साथ आए थे। उनका उद्देश्य था अमृत प्राप्त करना, जो अमरत्व प्रदान करता है।
मंथन के दौरान सबसे पहले भयंकर विष हलाहल निकला। इसके बाद एक-एक करके अनेक अनमोल रत्न प्रकट हुए। लेकिन अब जो प्रकट होने वाला था, उसके लिए कोई भी तैयार नहीं था।
सागर की गहराइयों से एक दिव्य, प्रकाशमय स्वरूप प्रकट हुआ। उनका तेज ऐसा था, मानो हज़ारों सूर्यों का प्रकाश एक नारी-स्वरूप में साकार हो उठा हो।
वे थीं “श्री” - समस्त प्रकाश की स्रोत, सौभाग्य एवं समृद्धि की देवी। ऋषियों ने उन्हें “लक्ष्मी” नाम दिया, क्योंकि वे प्रत्येक जीव के परम लक्ष्य की प्रतीक थीं।
‘श्री’ का अर्थ
संस्कृत में श्री शब्द का अर्थ है— ओज, समृद्धि, सौभाग्य, कल्याण और मंगल। देवी श्री या महालक्ष्मी इन सभी शुभ गुणों और समृद्धि का साक्षात् स्वरूप हैं। प्रायः माँ लक्ष्मी को केवल भौतिक धन-संपत्ति की देवी माना जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि समृद्धि के अनेक रूप होते हैं?
अन्न भंडार में संचित अनाज भी समृद्धि है, ज्ञान भी और अच्छा स्वास्थ्य भी। क्या जीवन की कठिनाइयों का सामना करने का धैर्य और सही निर्णय लेने की बुद्धि भी समृद्धि के ही रूप नहीं हैं?
मानव जीवन की आवश्यकताएँ जितनी विविध हैं, समृद्धि के रूप भी उतने ही अनेक हैं। यही कारण है कि देवी श्री की कृपा में चारों पुरुषार्थ—धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष—तथा समृद्धि के सोलह विशिष्ट स्वरूप समाहित हैं।
- धर्म (कर्तव्य और सदाचरण) — शिक्षा, आत्मसम्मान, मानसिक स्वास्थ्य तथा सुयोग्य संतान या ऐसे संस्कार जो विरासत-स्वरूप जो आगे भी बना रहे।
- अर्थ (भौतिक समृद्धि) — निवेश में लाभ, फलता-फूलता व्यवसाय, घर और वाहन तथा अनुकूल भाग्य।
- काम (इच्छाओं की पूर्ति) — अनुकूल जीवनसाथी, शारीरिक सुख, उत्तम स्वास्थ्य और आय का नियमित स्रोत।
- मोक्ष (आध्यात्मिक मुक्ति) — आध्यात्मिक ज्ञान, वैराग्य, पूर्ण आयु और जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति।
समृद्धि के ये विविध रूप माँ लक्ष्मी के आठ स्वरूपों, जिन्हें अष्टलक्ष्मी कहा जाता है, में भी प्रकट होते हैं।
- धन लक्ष्मी — भौतिक धन-संपत्ति प्रदान करती हैं।
- धान्य लक्ष्मी — अन्न, अनाज और भरपूर फसल का आशीर्वाद देती हैं।
- गज लक्ष्मी — हाथियों के साथ दर्शाया जाने वाला यह स्वरूप राजसी वैभव, शक्ति और प्रतिष्ठा का प्रतीक है।
- संतान लक्ष्मी — परिवार को संतान-सुख और वंशवृद्धि का आशीर्वाद देती हैं।
- धैर्य लक्ष्मी — कठिन परिस्थितियों में साहस और धैर्य प्रदान करती हैं।
- विजय लक्ष्मी — प्रयासों में विजय और सफलता का आशीर्वाद देती हैं।
- विद्या लक्ष्मी — ज्ञान और बुद्धि प्रदान करती हैं।
- आदि लक्ष्मी — समस्त सृष्टि की आदिशक्ति और मूल जननी हैं।
महालक्ष्मी — परम शक्ति
सनातन धर्म में संस्कृत का श्री शब्द सृष्टि के मूल में स्थित स्त्री-तत्त्व का भी प्रतिनिधित्व करता है। इस शब्द की व्याख्या दो बीज ध्वनियों—श् और ह्रीं—के माध्यम से की जाती है। “श्” पुरुष अर्थात् परम चेतना का प्रतीक है, जबकि “ह्रीं ” प्रकृति अर्थात् आदिपराशक्ति का द्योतक है।
श्री = पुरुष + प्रकृति
इस प्रकार, पुरुष और प्रकृति के संयोग से श्री समस्त ब्रह्मांड का स्वरूप हैं। इसी सत्य का वर्णन लक्ष्मी तंत्र में मिलता है, जहाँ देवी इंद्रदेव को उपदेश देते हुए इस रहस्य को उजागर करती हैं। वे बताती हैं कि भगवान नारायण शाश्वत परम सत्ता हैं, जबकि वे स्वयं उनकी शक्ति हैं, जो उनकी चेतना को सक्रिय करती है और सृष्टि का संचालन करती है।
जिस प्रकार चंद्रमा और उसकी चाँदनी को एक-दूसरे से अलग नहीं किया जा सकता, उसी प्रकार श्री और नारायण एक ही परम सत्य के दो अभिन्न स्वरूप हैं।
लक्ष्मी तंत्र में आगे यह भी बताया गया है कि यह परम शक्ति महालक्ष्मी के रूप में प्रकट होती हैं। वे सृजन की वह शक्ति हैं, जिनसे समस्त ब्रह्मांड का विस्तार होता है। प्रकृति के तीन मूल गुणों (त्रिगुण) के अनुरूप उनकी शक्ति के तीन स्वरूप प्रकट होते हैं।
- रजोगुण की प्रधानता होने पर वे महाश्री के रूप में प्रकट होती हैं, जो सृजन की गतिशील शक्ति हैं।
- तमोगुण की प्रधानता होने पर वे महामाया के रूप में प्रकट होती हैं, जो माया की शक्ति हैं।
- सत्त्वगुण की प्रधानता होने पर वे महाविद्या के रूप में प्रकट होती हैं, जो दिव्य ज्ञान की शक्ति हैं।
इन स्वरूपों के माध्यम से महालक्ष्मी सृष्टि की रचना, पालन और संहार करने वाली शक्तियों को अभिव्यक्त करती हैं। इसलिए उनकी कृपा में जीवन की सामान्य भौतिक सुख-सुविधाओं से लेकर सर्वोच्च आध्यात्मिक उपलब्धि तक, सब कुछ समाहित है।
माँ लक्ष्मी का स्वरूप — धन का एक गूढ़ रहस्य
श्री और नारायण का संबंध हमें अपने जीवन में धन के वास्तविक स्वरूप को समझने की दृष्टि भी देता है। परंपरागत रूप से, माँ लक्ष्मी की प्रतिमाओं में जब वे अकेली दिखाई देती हैं, तो प्रायः “स्थानक मुद्रा”( खड़े हुए स्वरूप में ) में होती हैं। इसका कारण यह है कि माँ अनपगामिनी हैं, अर्थात् जल की तरह प्रवाहमान।
स्वभाव से धन भी चंचल है और निरंतर गतिशील रहता है। उसका वास्तविक महत्त्व उसके प्रवाह में है। अहंकारी या अविवेकी व्यक्ति के हाथों में धन अधिक समय तक नहीं टिकता और शीघ्र ही दूर चला जाता है।
श्रीसूक्तम् का नौवाँ मंत्र उनके स्वरूप का एक और सुंदर वर्णन प्रस्तुत करता है। इसमें देवी माँ को गन्धद्वाराम् (जिनकी अनुभूति सुगंध के माध्यम से होती है) कहकर संबोधित किया गया है। जिस प्रकार हम सुगंध को अनुभव कर सकते हैं, उससे उत्पन्न होने वाले भावों को महसूस कर सकते हैं और यह देख सकते हैं कि वह किस प्रकार हर वस्तु की सुंदरता को बढ़ा देती है, उसी प्रकार माँ की इस दिव्य प्रकृति को भी अनुभव किया जा सकता है। फिर भी, सुगंध की भाँति वह हमारी पकड़ से परे रहती हैं और उन्हें कभी बाँधकर नहीं रखा जा सकता।
लेकिन, जब माँ लक्ष्मी भगवान विष्णु के साथ विराजमान होती हैं, तो वे उनके चरणों के समीप शांत भाव से बैठी दिखाई देती हैं। भगवान विष्णु विवेक, वैराग्य और नीति अर्थात् धर्मसम्मत आचरण के प्रतीक हैं। जब किसी व्यक्ति के जीवन का संचालन विवेक और धर्म के अनुसार होता है, तब धन चंचल नहीं रहता, बल्कि स्थायी समृद्धि के रूप में उसके जीवन में बना रहता है।
इस प्रकार, लक्ष्मी-नारायण का दिव्य सान्निध्य हमें एक सुंदर सीख देता है—समृद्ध होना निश्चय ही सौभाग्य की बात है, लेकिन उससे भी बड़ा सौभाग्य है उसे सँभालकर रखना और सदुपयोग करने का विवेक होना।
श्री की उपासना — समस्त समृद्धि का स्रोत

लेकिन, उस देवी की कृपा का आवाहन कैसे किया जाए, जिनकी शक्ति संपूर्ण ब्रह्मांड में व्याप्त है? इसके लिए आइए, एक बार फिर समुद्र मंथन के प्रसंग की ओर लौटते हैं।
देवी लक्ष्मी और भगवान विष्णु के मिलन से दो मानस पुत्रों ऋषि चिक्लीत एवं ऋषि कर्दम का प्राकट्य हुआ, जिन्हें आगे चलकर लक्ष्मी-नारायण के पुत्रों के रूप में जाना गया।
चिक्लीत ऋषि ने एक पवित्र ऋचा के माध्यम से देवी माँ का आवाहन किया। इस मंत्र में उन्होंने अग्निदेव से स्वर्णिम आभा वाली देवी को अपने समीप लाने की प्रार्थना की। आगे चलकर, भगवान विष्णु के निर्देश पर चिक्लीत और कर्दम ऋषि ने यज्ञ किया और मिलकर दूसरी ऋचा का आवाहन किया।
दोनों भाइयों द्वारा आरंभ की गई यह साधना सहस्रों वर्षों तक चलती रही। अनेक महान ऋषियों ने श्रद्धा और निष्ठा के साथ एक-एक करके और पवित्र ऋचाओं का आवाहन किया, जब तक कि सभी सोलह मंत्र पूर्ण नहीं हो गए।
श्री सूक्तम् के माध्यम से महालक्ष्मी का आवाहन साधक की चेतना को समृद्धि के इन सोलहों स्वरूपों से जोड़ता है। जब भक्त श्रद्धा और भक्ति से माँ का आवाहन करते हैं, तो वे भौतिक अभाव के साथ-साथ मन की दरिद्रता को भी दूर करती हैं और घर-आँगन तथा हृदय को आनंद, विवेक और कृपा से भर देती हैं।
जय माँ लक्ष्मी!